Monday, November 23

अयोध्या में गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी का 75वां संयम दिवस एवं शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न

पूज्य गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी के ससंघ सानिध्य, प्रज्ञाश्रमणी आर्यिका रत्न श्री चंदनामती माताजी के मार्गदर्शन तथा अयोध्या तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष एवं पीठाधीश स्वस्ति श्री रवींद्रकीर्ति स्वामी जी के निर्देशन में आयोजित इस महोत्सव में देशभर से जैन समाज के श्रेष्ठी, श्रावक-श्राविकाएं, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन, जयपुर के अनुसार महोत्सव के अंतर्गत 25 अक्टूबर को अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन सर्वजातीय महासंघ का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के तीन सत्रों में समाज की एकता, संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक विषयों पर विचार- विमर्श हुआ। मुख्य संयोजक हसमुख गांधी, इंदौर एवं महासंघ के महामंत्री के निर्देशन में सम्मेलन संपन्न हुआ।

26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर सुबह भगवान ऋषभदेव की विशाल प्रतिमा का महामस्तकाभिषेक किया गया। इसके बाद संजय रेखा दीवान, सूरत द्वारा ध्वजारोहण किया गया। प्रातः ज्ञानमती पुरस्कार समर्पण सभा और तीस चौबीसी जिनमंदिर के शिखर पर कलशारोहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ।

दोपहर में गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में मुख्य विनयांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान 108 इंद्र-इंद्राणियों द्वारा सरस्वती ज्ञान आराधना की गई। शाम को सामूहिक महाआरती और रात्रि में प्रसिद्ध गीतकार रूपेश जैन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

27 अक्टूबर को सुबह महाअभिषेक के बाद भव्य रथयात्रा निकाली गई। धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अयोध्या क्षेत्र के मंत्री विजय कुमार जैन एवं डॉ. जीवन प्रकाश जैन, जम्बूद्वीप के अनुसार समारोह में गणिनी ज्ञानमती पुरस्कार, जम्बूद्वीप पुरस्कार, छोटेलाल पुरस्कार और रत्नमती पुरस्कार समर्पित किए गए। धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से इन पुरस्कारों का आयोजन किया गया।

समारोह में स्वस्ति श्री अरिहंत भट्टारक पट्टाचार्य महास्वामी जी, श्री क्षेत्र समवशरण तीर्थ भरूच की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश जैन, कुलाधिपति, मुरादाबाद ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जम्बू प्रसाद जैन, गाजियाबाद तथा सारस्वत अतिथि के रूप में जे.सी. जैन, हरिद्वार उपस्थित रहे। गजराज जैन गंगवाल एवं स्वदेश भूषण जैन, दिल्ली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी समारोह में शामिल हुए।

महोत्सव का एक महत्वपूर्ण आकर्षण अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जीवन प्रकाश जैन, जम्बूद्वीप, हस्तिनापुर द्वारा निर्मित जैन जाति विवाह ऐप का शुभारंभ रहा। 26 अक्टूबर को शुरू किए गए इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विवाह योग्य जैन युवक-युवतियों को उपयुक्त जीवनसाथी तलाशने के लिए एक उपयोगी मंच उपलब्ध कराने की पहल की गई।

NID:SIZE:290 KB

समारोह में मुख्य पाद प्रक्षालन का सौभाग्य अशोक-शकुंतला देवी जैन चांदवाड़-जयपुर परिवार को प्राप्त हुआ। पीच्छी भेंट अर्चना- जयचंद कासलीवाल परिवार तथा मुख्य शास्त्र भेंट जयकुमार-अशोक कुमार, टिकैतनगर द्वारा की गई। कमंडल भेंट का पुण्य कैलाशचंद जैन सराफ परिवार, लखनऊ को प्राप्त हुआ।

समस्त मांगलिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य विजय कुमार जैन, जम्बूद्वीप एवं प्रतिष्ठाचार्य अकलंक जैन, डालीगंज, लखनऊ द्वारा संपन्न कराई गईं। भोजन पुण्यार्जक के रूप में अमरचंद, हेमचंद एवं नेमीचंद जैन परिवार, टिकैतनगर- डालीगंज, लखनऊ का योगदान रहा।

तीन दिवसीय महोत्सव में देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु, महिला-पुरुष, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। दिगंबर जैन अयोध्या तीर्थ क्षेत्र कमेटी के महामंत्री अमरचंद सराफ, लखनऊ के अनुसार बाहर से आने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं के लिए आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी।

अयोध्या की पावन धरा पर आयोजित इस महोत्सव ने जैन धर्म की आध्यात्मिक परंपरा, ज्ञान साधना, सामाजिक एकता और संगठनात्मक सहभागिता का संदेश दिया। गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी के 75वें संयम दिवस और 93वें जन्म जयंती महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए आस्था, साधना और प्रेरणा का विशेष पर्व साबित हुए।

अयोध्या में गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी का 75 वां संयम दिवस एवं 93वां जन्म जयंती शरद पूर्णिमा महोत्सव 25 से 27 अक्टूबर तक श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न। जैन महासंघ राष्ट्रीय सम्मेलन, ज्ञानमती पुरस्कार, कलशारोहण, रथयात्रा और जैन विवाह ऐप का शुभारंभ प्रमुख आकर्षण रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *