Tuesday, November 24

अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 04 वाहन जब्त

अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 04 वाहन जब्त

झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण की रोकथाम के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार, 23 नवम्बर 2026 को खनिज विभाग की टीम ने थांदला क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 04 वाहनों को जब्त किया।

जिला खनिज अधिकारी श्री जुवानसिंह भिडे के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी श्री संतोष सूर्यवंशी एवं खनिज अमले द्वारा ग्राम बठ्ठा, तहसील थांदला में डम्पर क्रमांक GJ20V9037 एवं GJ17XX9037 तथा थांदला में डम्पर क्रमांक GJ01FT0474 को खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया गया। उक्त तीनों वाहनों को पुलिस थाना थांदला की अभिरक्षा में रखा गया है।

इसी प्रकार ग्राम पिपलिया में खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर ट्रेलर क्रमांक CG12S6549 को जब्त कर कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) परिसर में खड़ा कराया गया है।

जब्त किए गए चारों वाहनों के संबंध में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर अर्थदण्ड अधिरोपण हेतु अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए जाएंगे।

खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *